फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मौसम अपडेट: तेजी से बढ़ेगी ठंड, 3 से 5 डिग्री तक गिरेगा पारा; रांची में 13 डिग्री पहुंचेगा न्यूनतम तापमान

Wed, 25 Nov 2026 07:53 AM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

झारखंड में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है। रांची में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक पहुंच सकता है। बोकारो में पिछले 24 घंटे में रात का पारा 4 डिग्री गिरा है। सुबह कोहरा और दिन में धूप रहने की संभावना है।
Register For Event
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

झारखंड में अब ठंड का असर तेजी से बढ़ने वाला है। चक्रवाती तूफान अकवान का प्रभाव समाप्त होने और आसमान साफ होने के साथ ही राज्य के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। मौसम के इस बदलाव से अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में रात के समय ठिठुरन और कनकनी बढ़ेगी। रांची में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं, आने वाले दिनों में इसके 11 डिग्री से नीचे जाने की भी संभावना जताई गई है।

आसमान साफ रहने के कारण रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकल रही है। इसके चलते न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम में इस बदलाव का असर खासकर रात और सुबह के समय अधिक महसूस होगा।

बोकारो में एक दिन में 4 डिग्री गिरा पारा

पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बोकारो में रात के तापमान में सबसे अधिक 4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। वहीं, रांची में 3.3 डिग्री और मेदिनीनगर में 2.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 20.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। कोडरमा में दिन का अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने से लोगों को सुबह और रात में ठंड का एहसास अधिक होने लगा है।

सुबह कोहरा, दिन में निकलेगी तेज धूप

बुधवार को राजधानी रांची में आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ होगा और धूप खिलेगी।

नवंबर के बाकी दिनों में भी राज्य का मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। 30 नवंबर को सुबह कोहरा रहने के बाद आसमान में हल्के बादल छा सकते हैं। हालांकि, इसके बाद मौसम फिर साफ होने की संभावना है।

बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

तापमान में लगातार गिरावट को देखते हुए बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह और रात के समय ठंडी हवाओं से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।

वहीं, सुबह कोहरे के दौरान सड़क पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सतर्क रहने और धीमी गति से वाहन चलाने की जरूरत है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें