राज्यसभा चुनाव के लिए वोट डालने पहुंचे विधायक
- फोटो : अमर उजाला
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए गुरुवार को मतदान जारी है। मतदान को लेकर विधानसभा परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान भाजपा के सभी 24 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया है।
सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रखी गई है कि चुनाव आयोग द्वारा अधिकृत पास जारी होने के बावजूद मीडिया कर्मियों को मतदान स्थल तक जाने की अनुमति नहीं दी गई। विधानसभा परिसर में केवल अधिकृत अधिकारियों और संबंधित प्रतिनिधियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Ranchi: 'एक अंगदान, कई जिंदगियों को नया जीवन', CM सोरेन ने बताया क्यों जरूरी है अंग दान? लोगों से की खास अपील
राज्यसभा चुनाव में दो सीटों के लिए कुल तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम और कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी तीसरे प्रत्याशी के रूप में मुकाबले में हैं। चुनाव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों खेमों में उत्साह का माहौल है। सभी दल अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं और मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
मतदान और चुनावी रणनीति की निगरानी के लिए विभिन्न दलों ने अपने वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस की ओर से प्रदेश प्रभारी के. राजू, सह-प्रभारी बेला प्रसाद और राज्यसभा सांसद डॉ. नासिर हुसैन चुनाव प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।
वहीं झामुमो की ओर से सुदिव्य कुमार सोनू, विनोद पांडेय, फागू बेसरा और पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर को जिम्मेदारी दी गई है। भाकपा (माले) की ओर से हलधर महतो और गीता मंडल, जबकि राजद की ओर से भी पार्टी प्रतिनिधि चुनावी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और सभी की निगाहें अब चुनाव परिणाम पर टिकी हैं।