झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र से पहले 24 नवंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी। इसमें एसआईआर और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर सदन में पार्टी का पक्ष रखने की रणनीति बनेगी। वहीं, झामुमो विधायकों ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर पुनर्विचार की मांग करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है।
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र को लेकर सत्ताधारी गठबंधन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) पर चर्चा प्रस्तावित है। सत्र से एक दिन पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। इसमें सदन के भीतर पार्टी की रणनीति के साथ विपक्ष के सवालों का जवाब देने की तैयारी होगी। दूसरी ओर, झामुमो विधायकों ने इन मुद्दों पर भाजपा को घेरा है।
विज्ञापन
24 नवंबर को कांग्रेस विधायक दल की बैठक
विशेष सत्र से पहले 24 नवंबर को रांची में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें पार्टी के सभी विधायक और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में तय किया जाएगा कि एसआईआर और एमएमडीआर संशोधन अधिनियम पर सदन में कांग्रेस किस तरह अपना पक्ष रखेगी।
विधायकों को दोनों मुद्दों पर पार्टी की राय मजबूती से रखने की जिम्मेदारी भी सौंपी जा सकती है। इसके अलावा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की जनसमस्याओं, विकास योजनाओं की प्रगति और गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा होगी।
विज्ञापन
एसआईआर और एमएमडीआर पर सरकार की तैयारी
हेमंत सोरेन सरकार ने इन दोनों मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है। सत्तापक्ष एसआईआर को मतदाताओं के अधिकारों से जुड़ा मुद्दा मान रहा है, जबकि एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को राज्य के खनिज संसाधनों और हितों से जोड़कर देख रहा है। विशेष सत्र में इन विषयों पर चर्चा के बाद प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है। सत्ताधारी गठबंधन का उद्देश्य सदन के माध्यम से केंद्र के सामने राज्य का पक्ष रखना है।
झामुमो विधायकों ने भाजपा पर साधा निशाना
विशेष सत्र से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायक सुदीप गुड़िया और रामसूर्या मुंडा ने एमएमडीआर संशोधन अधिनियम को लेकर भाजपा पर हमला बोला है। दोनों विधायकों ने इस कानून पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उनका कहना है कि विशेष सत्र में इस संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। विधायकों ने एसआईआर के मुद्दे पर भी भाजपा पर निशाना साधते हुए वोट चोरी का आरोप लगाया है।
संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों की भी होगी समीक्षा
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में 26 नवंबर को रांची में होने वाले संविधान रक्षा मार्च की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। पार्टी नेतृत्व ने विधायकों से अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सत्ताधारी गठबंधन की संयुक्त बैठक भी हो सकती है। इसमें विशेष सत्र के दौरान सदन में गठबंधन की साझा रणनीति और एकजुटता को लेकर चर्चा होगी।