फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झारखंड: शहीद सोबरन सोरेन को हेमंत ने दी श्रद्धांजलि, रामगढ़ को 111 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात

Fri, 27 Nov 2026 07:33 PM IST
राँची ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रांची

सार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को रामगढ़ के नेमरा स्थित लुकैयाटांड पहुंचे और शहीद सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने करीब 111 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
Register For Event
विज्ञापन
'संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा देती है शहादत', सोबरन सोरेन को हेमंत ने किया नमन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामगढ़ के महाजनों के शोषण और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करते हुए शहीद हुए सोबरन सोरेन के 69वें शहादत दिवस पर शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित लुकैयाटांड पहुंचे। उन्होंने शहीद सोबरन सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले में लगभग 111 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी किया।  
विज्ञापन


समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद सोबरन सोरेन की शहादत ने आदिवासी-मूलवासी समाज को संघर्ष और स्वाभिमान की प्रेरणा दी। इस शहादत दिवस को ऐतिहासिक बनाने और जन-जन तक पहुंचाने का काम दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने किया। सामंती सोच और अत्याचार के खिलाफ जिस संघर्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया था, गुरुजी के नेतृत्व में वह फिर जीवंत हुई। आज नई पीढ़ी इस विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प ले रही है। 

'छोटी-छोटी चिंगारियां आगे चलकर अलग राज्य आंदोलन का आधार बनीं'
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय आदिवासी और मूलवासी समाज के लोगों को सामंती सोच रखने वालों के सामने अपनी बात रखने तक का अवसर नहीं मिलता था। आज राज्य के गरीब, आदिवासी और मूलवासी समाज के लोग निडर होकर अपनी बात रखते हैं और स्वाभिमान के साथ जीवन जीते हैं। उन्होंने कहा कि इसका श्रेय शहीद सोबरन मांझी की शहादत को जाता है। 
विज्ञापन


हेमंत सोरेन ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव जैसे महानायकों के संघर्ष और अत्याचार के खिलाफ विभिन्न क्षेत्रों में उठी आवाजों ने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को दिशा दी। गिरिडीह, टुंडी, धनबाद, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर से लेकर संथाल परगना तक संघर्ष की छोटी-छोटी चिंगारियां आगे चलकर अलग राज्य आंदोलन का आधार बनीं। 

'महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये सम्मान राशि दी जा रही'
उन्होंने कहा कि उस समय लोग सवाल उठाते थे कि कम पढ़े-लिखे आदिवासी-मूलवासी अलग राज्य कैसे चला पाएंगे, लेकिन आज उन्हीं शहीद परिवारों के बीच से निकला एक नौजवान राज्य को आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। महिला सशक्तीकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए काम कर रही है। पहले चरण में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 50 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 2,500 रुपये सम्मान राशि दी जा रही है। 

ये भी पढ़ें- बिहार: पुलिस की सुरक्षा में सेंध! नाबालिग के अपहरण का आरोपी कोर्ट से फरार, हथकड़ी सरकाकर पुलिस को दिया चकमा

उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं को सशक्त बनाना है, ताकि वे स्वयं गरीबी से बाहर निकलने का रास्ता तैयार कर सकें। जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के प्रयासों में कई बाधाएं और भेदभाव सामने आ रहे हैं। राज्य के राजस्व स्रोतों को बंद करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन सरकार इससे पीछे नहीं हटेगी। 
विज्ञापन


उन्होंने कहा, "जिस तरह लड़कर अलग झारखंड राज्य लिया है, उसी तरह लड़कर अपना अधिकार भी लेंगे।" उन्होंने कहा कि पहले राज्य के लोगों को उनका पूरा अधिकार दिलाया जाएगा। इस बार शहादत दिवस समारोह सादगी से आयोजित किया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसे और भव्य तरीके से मनाया जाएगा। कार्यक्रम में विधायक कल्पना सोरेन, विधायक ममता देवी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें