जम्मू। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर शुक्रवार को जम्मू पुलिस की ओर से रन फॉर यूनिटी आयोजित की जा रही है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे पुलिस गुलशन ग्राउंड गांधीनगर से शुरू होगा जो जम्मू यूनिवर्सिटी बैक गेट, बाग-ए-बाहू पुलिस स्टेशन, गुज्जर नगर पुल से होते हुए महाराजा हरी सिंह पार्क पर समाप्त होगा। कार्यक्रम के दौरान यह पूरा मार्ग यातायात के लिए बंद रहेगा। कई जगहों पर अस्थायी डायवर्जन लागू किए जाएंगे ताकि प्रतिभागियों की आवाजाही सुचारु रहे। रन फॉर यूनिटी के दौरान निर्धारित मार्ग पर किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं होगी। जम्मू उत्तर से बिक्रम चौक की ओर आने वाले वाहन पनामा चौक जाने के बजाय पुलिस लाइन चौक से आगे डायवर्ट किए जाएंगे। कासिम नगर से नारवाल चौक की ओर जाने वाले वाहन को पनामा चौक, वाल्मीकि चौक गुज्जर नगर ब्रिज क्रॉसिंग से डायवर्ट किया जाएगा। डीसी ऑफिस क्रॉसिंग से गुजरने वाले वाहन को रेजीडेंसी रोड की ओर भेजा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। ब्यूरो