- बाहु प्लाजा में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने किया प्रदर्शन, केंद्र से जल्द मंजूरी देने की मांग
- मांग पूरी नहीं होने पर देशव्यापी हड़ताल की दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। बैंक कर्मचारियों ने सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग और हर शनिवार छुट्टी की मांग को लेकर बुधवार को बाहु प्लाजा में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के देशव्यापी आह्वान पर किया गया। कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था को जल्द मंजूरी देने की मांग की।
यूएफबीयू ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश मेहता ने ने बताया कि पांच दिन बैंकिंग की मांग लंबे समय से लंबित है। इंडियन बैंक्स एसोसिएशन इस व्यवस्था पर सहमति जता चुका है और मामला केंद्र सरकार के पास भेजा जा चुका है। इसके बावजूद फैसला नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है। 27 जनवरी को भी इसी मांग को लेकर देशभर में हड़ताल की गई थी। पीएनबी के राकेश ने कहा कि आज बैंकिंग सेवाएं केवल शाखाओं के भरोसे नहीं हैं। एटीएम, मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग के साथ ऑनलाइन भुगतान की सुविधाएं चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती हैं। ऐसे में पांच दिन बैंकिंग लागू होने के बाद भी ग्राहकों को जरूरी सेवाएं मिलती रह सकती हैं। प्रदर्शन में केनरा बैंक से पुनीत और बैंक ऑफ बड़ौदा से नरेश समेत विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी शामिल हुए।