संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जिले के नोनाथ आश्रम में जिला पुलिस के एसओजी ग्रुप ने शुक्रवार सुबह मॉक ड्रिल की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गारू राम के समग्र पर्यवेक्षण में यह अभ्यास किया गया। इसमें डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी एसओजी, थाना प्रभारी पुलिस स्टेशन घगवाल, बीएसएफ 52 बटालियन, एसडीआरएफ, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस, सीएचसी घगवाल की मेडिकल टीम तथा क्राइम फोटोग्राफर ने सक्रिय रूप से हिस्सा लिया। मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन करना था। इस दौरान सभी टीमों ने निर्धारित परिदृश्य के अनुसार अभ्यास किया और आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागों की तत्परता को मजबूत बनाती हैं।