फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नवरात्र का शंखनाद: त्रिकुटा पहाड़ियों में जगमगाया माता वैष्णो देवी भवन, मां के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

Sun, 11 Oct 2026 12:40 PM IST
Nikita Gupta अमर उजाला नेटवर्क, जम्मू

सार

शारदीय नवरात्र के पहले दिन देशभर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। जम्मू-कश्मीर के माता वैष्णो देवी और बिलावर स्थित सुकाला माता मंदिर में विशेष सजावट, सुरक्षा और भक्तों की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
Register For Event
विज्ञापन
माता वैष्णो देवी - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। नवरात्र के पहले दिन देशभर के प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन

कटड़ा में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। यात्रा के आधार शिविर में भक्तों की चहल-पहल बढ़ गई है। दर्शन के लिए श्रद्धालु दर्शनी ड्योढ़ी से भवन की ओर यात्रा शुरू कर रहे हैं। त्रिकुटा पहाड़ियों के बीच स्थित माता वैष्णो देवी भवन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जिससे वहां भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

सुकाला माता मंदिर में भी उमड़ी भीड़
कठुआ जिले के बिलावर स्थित ऐतिहासिक सुकाला माता मंदिर में भी नवरात्र के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर को फूलों और फलों से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं के इंतजाम किए हैं। क्षेत्र में सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं।

बिलावर के अतिरिक्त उपायुक्त विश्वजीत सिंह ने बताया कि इस बार मंदिर परिसर को सुंदर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं। मंदिर के गर्भगृह को फूलों और फलों से सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की गई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के माता के दर्शन कर सकें।

मंदिर में हाल ही में किए गए विकास कार्यों से श्रद्धालु भी खुश हैं। यहां दो मंजिला सराय, पक्के रास्ते, शौचालय और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं। मंदिर के पुजारी के अनुसार, रविवार सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू कर दिए गए थे। अगले नौ दिनों तक बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है। व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहार और भक्तों के लिए लंगर की व्यवस्था भी की गई है।

देशभर के मंदिरों में भक्तिमय माहौल
नवरात्र के पहले दिन असम के गुवाहाटी स्थित कामाख्या मंदिर और उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली के छतरपुर मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर में भी भक्तों ने पूजा-अर्चना की।

वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गोमती नदी का जलस्तर बढ़ने से जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रसिद्ध मां चंद्रिका देवी मंदिर में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गई। हालांकि, मंदिर के गर्भगृह में पुजारियों ने नियमित पूजा-अर्चना जारी रखी।

शारदीय नवरात्र नौ दिनों तक मनाए जाते हैं। इस दौरान मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। श्रद्धालु व्रत रखते हैं और भजन-कीर्तन सहित विभिन्न धार्मिक गतिविधियों में भाग लेते हैं। नवरात्र का समापन 20 अक्तूबर को विजयादशमी यानी दशहरा के साथ होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें