जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड (जेकेबोस) ने माइग्रेशन और दाखिले से जुड़े जरूरी फॉर्म भरने से चूक गए छात्रों को राहत दी है। बोर्ड ने आवेदन की आखिरी तारीख बढ़ाकर छह जून की है।
बोर्ड की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक यह सुविधा उन छात्रों के लिए होगी जिन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) और देश के अन्य मान्य शिक्षा बोर्डों से पढ़ाई की है और अब जेकेबोस से जुड़े स्कूलों में दाखिला लेना चाहते हैं। छह जून तक पोर्टल खुला रहेगा। इस दौरान छात्र अस्थायी दाखिले, माइग्रेशन और दाखिले से जुड़े जरूरी फॉर्म भर सकेंगे। आवेदन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर किए जाएंगे। हालांकि छात्रों को तय शुल्क के साथ 210 रुपये लेट फीस भी देनी होगी। इसके अलावा विषय बदलने से जुड़े मामलों को भी तय समयसीमा के भीतर स्वीकार किया जाएगा। तारीख बढ़ने से उन छात्रों और अभिभावकों को राहत मिलेगी जो तय समय के भीतर आवेदन नहीं कर पाए थे और दाखिले को लेकर परेशान थे।