सांबा में पहली बार आयोजित हुई 6वीं राष्ट्रीय रेड टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। जम्मू-कश्मीर में पहली बार आयोजित 6वीं राष्ट्रीय रेड टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप का समापन सांबा में हुआ। रेड बॉल टेनिस क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता की मेजबानी जम्मू-कश्मीर रेड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन ने की। इसमें देश के आठ राज्यों की टीमों ने भाग लिया और अंडर-14 व अंडर-19 वर्ग में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
अंडर-19 वर्ग के फाइनल में उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाए। जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम 101 रन ही बना सकी और उत्तराखंड ने 7 रन से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर के वंश को पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
अंडर-14 वर्ग के फाइनल में भी उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर आमने-सामने रहे। उत्तराखंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 137 रन का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम निर्धारित स्कोर तक नहीं पहुंच सकी और उत्तराखंड ने 39 रन से जीत हासिल कर चैंपियनशिप का दूसरा खिताब भी जीत लिया। उत्तराखंड के नमन सिंह को उनके उत्कृष्ट ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज घोषित किया गया।
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सांबा गरु राम भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे जबकि जम्मू सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन मोहिंदर सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य अतिथि गरु राम भारद्वाज ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मोहिंदर सिंह ने जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए एसोसिएशन की सराहना की। जम्मू-कश्मीर रेड टेनिस बॉल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने रेड बॉल टेनिस क्रिकेट फेडरेशन ऑफ इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में पहली बार राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन होना खेल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने महासचिव संत कुमार सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों, अधिकारियों और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की।