सांबा। चक मंगा वार्ड नंबर 13 क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही जलभराव और पानी निकासी की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इस समस्या के समाधान के लिए नाले का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार बरसात के मौसम में क्षेत्र की सड़कों और गलियों में पानी भर जाता था, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई बार जलभराव के कारण पानी घरों और दुकानों तक पहुंच जाता था, जिससे स्थानीय लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों में शरण लेनी पड़ती थी।
इस समस्या को लेकर लोगों द्वारा कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन के समक्ष शिकायतें भी दर्ज करवाई गई थीं। इसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नाले के निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी।
अब नाले का निर्माण कार्य पूरा होने से उम्मीद जताई जा रही है कि बरसात के दिनों में पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सकेगी और जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों ने इस कार्य के पूरा होने पर प्रशासन के प्रयासों के लिए आभार प्रकट किया है।