राजोरी। रियासी जिले के माहौर क्षेत्र से राजोरी के शाहदरा स्थित बाबा गुलाम शाह बादशाह की पवित्र ज़ियारत पर माथा टेकने जा रहे यात्रियों की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। कार 30 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार में बैठे सात यात्री घायल हो गए। इनमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार माहौर से आ रही कार जब शाहदरा शरीफ से थोड़ी दूरी पर पहुंची तो मोड़ पर चालक ने अपना संतुलन खो दिया और कार खाई मे जा गिरी। हादसे में कार में सवार सभी सात यात्री घायल हो गए। घायलों को थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में मोहम्मद रफ़ीक़, नसीम बेग़म, 5 माह का मासूम बच्चा मोहम्मद आमिर, 11 माह का बच्चा तनवीर अहमद, फातिमा बेगम, जतून बेगम और अब्दुल हमीद शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर है। उधर पुलिस ने वाहन को ज़ब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी है।