- निदेशक ने कहा - हर जिले में योजनाओं की नियमित समीक्षा हो, जहां कमी हो उसे तुरंत दूर करें
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू संभाग में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, जेके-सेहत और गैर संचारी रोगों से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिलों में काम तेज करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य निदेशक डॉ. पूनम सेठी ने मंगलवार को इन सभी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की प्रगति पर लगातार नजर रखें, जहां भी कमी हो उसे तुरंत दूर करें और लोगों तक समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुनिश्चित करें।
स्वास्थ्य निदेशक ने सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जिलों में योजनाओं की नियमित समीक्षा करें, प्रगति रिपोर्ट समय पर भेजें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतें। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। बैठक में जम्मू संभाग के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सा अधीक्षक, जिला क्षय रोग अधिकारी तथा स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों के नोडल अधिकारी प्रत्यक्ष और वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।