फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: डिग्री के साथ मिलेगा नौकरी का अनुभव, जम्मू विवि अपनाएगी नया मॉडल

विज्ञापन
विज्ञापन
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में अब छात्र केवल डिग्री लेकर नहीं निकलेंगे बल्कि पढ़ाई के दौरान ही कंपनियों और उद्योगों में काम का अनुभव भी हासिल कर सकेंगे। विवि ने इसी शैक्षणिक सत्र से यूजीसी की अप्रेंटिसशिप एंबेडेड डिग्री प्रोग्राम (एईडीपी) गाइडलाइंस लागू करने का फैसला लिया है। इसके तहत अंडर ग्रेजुएशन छात्रों को पढ़ाई के साथ कंपनियों और संस्थानों में ट्रेनिंग, स्टाइपेंड और असली कामकाज सीखने का मौका मिलेगा।
विज्ञापन






नई व्यवस्था के तहत छात्रों को पढ़ाई के साथ ही कंपनियों, उद्योगों और दूसरे संस्थानों में ट्रेनिंग दी जाएगी। इससे केवल किताबों का ज्ञान ही नहीं बल्कि कामकाज को करीब से समझने का मौका मिलेगा। यह मॉडल नई शिक्षा नीति-2020 के तहत तैयार किया गया है जिसका मकसद पढ़ाई के साथ छात्रों को नौकरी के लिए तैयार करना है। यूजीसी गाइडलाइंस के अनुसार तीन साल के स्नातक कोर्स में एक से तीन सेमेस्टर और चार साल के कोर्स में दो से चार सेमेस्टर तक अप्रेंटिसशिप जोड़ी जा सकती है। अंतिम सेमेस्टर पूरी तरह अप्रेंटिसशिप के लिए रखा जा सकेगा।

-

स्टाइपेंड मिलेगा, कई क्षेत्रों में खुल सकेंगे नए मौके

अप्रेंटिसशिप के दौरान छात्रों को स्टाइपेंड भी दिया जाएगा जिससे पढ़ाई के साथ आर्थिक सहारा मिल सकेगा। साथ ही मार्कशीट में यह भी दर्ज होगा कि उन्होंने किस कंपनी या संस्थान में ट्रेनिंग की और कितने क्रेडिट हासिल किए। यूजीसी की गाइडलाइंस के तहत यह डिग्री सामान्य डिग्री के बराबर मानी जाएगी। ऐसे छात्र मास्टर्स और पीएचडी में भी दाखिला ले सकेंगे। विवि और उद्योगों के बीच सीधा जुड़ाव बढ़ने से कोर्स भी कंपनियों की जरूरत के हिसाब से तैयार किए जा सकेंगे। पर्यटन, आईटी, बैंकिंग, हॉस्पिटैलिटी, मीडिया, हेल्थकेयर और दूसरे सेवा क्षेत्रों में छात्रों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि छात्र डिग्री के साथ-साथ नौकरी के लिए भी पहले से तैयार होकर निकल सकेंगे।
विज्ञापन




छात्रों ने बताया फायदेमंद कदम

बीबीए के छात्र आदित्य शर्मा ने कहा कि अब तक छात्रों को पढ़ाई पूरी होने के बाद ही काम सीखने का मौका मिलता था। नई व्यवस्था से कॉलेज के दौरान ही कंपनियों में काम करने का अनुभव मिलेगा जिससे नौकरी ढूंढने में आसानी हो सकती है। बीकॉम की छात्रा सिमरन गुप्ता का कहना है कि कॉलेज खत्म होने से पहले ही इंडस्ट्री का अनुभव मिलना करियर के लिए फायदेमंद रहेगा। इससे पढ़ाई के साथ काम सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद मिलेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें