रियासी। उपराज्यपाल के दौरे के दौरान रूट डायवर्जन से शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। आम जनता विशेषकर स्कूली छात्रों की मुश्किलें बढ़ गईं। जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम की ओर जाने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने ऋषि चौक से आगे कटड़ा और पौनी से किसी भी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं दी। इसके अतिरिक्त त्रिन्था क्षेत्र से बस स्टैंड आने वाले वाहनों को रोक दिया गया। नई बस्ती चौक पर नाका लगाया गया जिससे कोर्ट रोड और बस स्टैंड का यातायात ठप रहा।
रूट में अचानक हुए बदलाव का सबसे ज्यादा असर कॉलेज रोड, नई बस्ती चौक, महादेव चौक और गड़ाल चौक पर देखने को मिला। इन इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थिति इतनी गंभीर थी कि पैदल चलने वालों को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी।
प्रशासनिक पाबंदियों के कारण पौनी और तलवाड़ा की ओर से आने वाले वाहनों को शहर के बाहर सिला क्षेत्र में ही रोक दिया गया। इसके चलते यात्रियों और स्थानीय लोगों को कई किलोमीटर का सफर पैदल तय कर बाजार की ओर आना पड़ा।
मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण लोगों ने वैकल्पिक रास्तों का सहारा लिया। इससे महादेव मोहल्ले से बाजार की मुख्य गली में सुबह से ही राहगीरों की भीड़ रही। हालांकि सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम को जरूरी बताया था लेकिन वैकल्पिक पार्किंग और सुगम यातायात प्रबंधन की कमी के कारण दिनभर शहरवासियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।