कटड़ा। शहर अब केवल आस्था का ही नहीं बल्कि खेल और फिटनेस का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड 10 मई को पहली बार श्री माता वैष्णो देवी हाफ मैराथन करवाने जा रहा है जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु भी भाग ले सकेंगे। ऐतिहासिक दौड़ का शुभारंभ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से होगा।
आयोजन का उद्देश्य न केवल खेल भावना को बढ़ावा देना है बल्कि श्रद्धालुओं और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी है। मैराथन का मार्ग त्रिकुटा पर्व शृंखला के मनोरम दृश्यों के बीच से होकर गुजरेगा जो धावकों को आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ-साथ प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कराएगा।
श्राइन बोर्ड ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाने के लिए कमर कस ली है। धावकों की सटीकता के लिए टाइमिंग सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। पूरे रूट पर जगह-जगह हाइड्रेशन प्वाइंट और जलपान केंद्र होंगे। आपात स्थिति के लिए मोबाइल चिकित्सा टीमें तैनात रहेंगी। प्रतिभागियों को रेस किट दी जाएगी और विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
चार श्रेणियों में होगी दौड़, रोमांचक होगा मार्ग
हाफ मैराथन: 21.1 किलोमीटर (पेशेवर धावकों के लिए)
10 किलोमीटर रन: फिटनेस प्रेमियों के लिए
पांच किलोमीटर रन : युवाओं और विद्यार्थियों के लिए
तीनकिलोमीटर फन रन : आम नागरिकों और परिवारों के लिए
स्पोर्ट्स टूरिज्म को मिलेगी नई ऊंचाई
श्राइन बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मैराथन का उद्देश्य कटड़ा को स्पोर्ट्स टूरिज्म के मानचित्र पर स्थापित करना है। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे। युवाओं में आयोजन को लेकर भारी उत्साह है और इसे भविष्य में राष्ट्रीय स्तर का वार्षिक इवेंट बनाने की योजना है। मैराथन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इच्छुक प्रतिभागी श्राइन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया माध्यम से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।