उधमपुर। जैसे-जैसे मौसम बदल रहा है, बाजारों में फैशन का नया रंग देखने को मिल रहा है। इस बार गर्मी के सीजन में महिलाओं और युवतियों के बीच लेस डिजाइन वाले सूट और फैंडी सिल्क के परिधानों की जबरदस्त मांग है। मुख्य बाजारों में हल्के रंगों और आरामदायक कपड़ों की मांग ने व्यापार में नई रौनक ला दी है।
इस सीजन में सादगी और स्टाइल का मिश्रण सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है। दुकानदारों के अनुसार लेस वाले सूट इस बार डिमांड में हैं। ये सूट न केवल देखने में आकर्षक हैं बल्कि गर्मी में पहनने में भी काफी आरामदायक हैं। युवतियां इन्हें कॉलेज और ऑफिस वियर के तौर पर पहली पसंद मान रही हैं। बाजारों में वैरायटी की कोई कमी नहीं है।
युवतियों के बीच विशेष आकर्षण फैंडी सिल्क स्कर्ट-कुर्ती, फरशी और धोती सलवार सूट बने हैं। चिकनकारी कुर्तियां और प्लाजो सूट हमेशा की तरह पसंद बने हुए हैं। दुकानदार राकेश कुमार और जगविंद्र ठाकुर ने बताया कि दिल्ली और अन्य महानगरों से विशेष रूप से नए डिजाइनों का स्टॉक मंगवाया गया है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए इस बार हल्के नीले, सफेद, बेबी पिंक और पेस्टल ग्रीन (हरा) जैसे रंगों को प्राथमिकता दी जा रही है। हर वर्ग के ग्राहकों के लिए विकल्प मौजूद हैं। 700 से 2600 रुपये तक के सूट उपलब्ध हैं। सबसे ज्यादा भीड़ 700 से 1500 रुपये वाले सेगमेंट में देखी जा रही है। इसका मुख्य कारण सूटों का किफायती होने के साथ-साथ लेटेस्ट डिजाइन है।