संवाद न्यूज़ एजेंसी
किश्तवाड़। बस स्टैंड के समीप स्थित निजी होटल से युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अजय कुमार (34) निवासी करूल सरथल के रूप में हुई है।अजय कुमार वीरवार रात होटल के कमरे में सोया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक जब कमरा बंद रहा तो कर्मचारियों को शक हुआ। कर्मचारियों द्वारा दरवाजा खटखटाया गया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद दरवाजा खोला गया तो देखा कि युवक बेसुध पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जांच की तो उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजन के हवाले किया जाएगा। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि युवक की मौत ठंड लगने के कारण हुई है। हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी (हेडक्वार्टर) डॉ. इशान गुप्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।