किश्तवाड़। जिले में सरकारी कर्मचारियों पर बढ़ते बिजली और पानी के बकाया बिलों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने सख्त आदेश जारी किए हैं। इसके अनुसार अब किसी भी सरकारी कर्मचारी का वेतन तभी जारी किया जाएगा जब बिजली और पानी के सभी बकाया बिल जमा होंगे।उपायुक्त ने जिले के सभी आहरण एवं वितरण अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मार्च तक के बिजली और पानी के बिलों की अदायगी की पुष्टि के बाद ही वेतन जारी किया जाए। वहीं, कोषागार अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल उसी स्थिति में वेतन बिल स्वीकार करें, जब संबंधित अधिकारी द्वारा बकाया न होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया हो। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कदम वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने और जिले में आवश्यक जन सेवाओं के लिए राजस्व सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उठाया गया है।