बांदीपोरा में पकड़े नशा तस्करी के आरोपी। स्रोत पुलिस
बांदीपोरा। पुलिस ने हाजिन क्षेत्र में नाका जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.090 किलो चरस बरामद की है। पुलिस के अनुसार मदवान इलाके में नाका जांच के दौरान पुलिस दल ने तीन व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियां देखीं। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागने की कोशिश की लेकिन सतर्कता और सूझबूझ से उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चरस बरामद हुई। आरोपी सयार अहमद मल्ला निवासी मदवान से 1.230 किलो, मेहराज-उद-दीन हज्जाम निवासी मदवान से 1.660 किलो और आमिर तारिक गनई निवासी बांगर मोहल्ला हाजिन से 1.200 किलो मादक पदार्थ बरामद हुए। इस संबंध में थाना हाजिन में एफआईआर दर्ज की गई है। संवाद