डिवीजनल कमिश्नर ने की श्रीनगर में ट्रैफिक प्रबंधन प्रस्तावों के कार्यान्वयन की समीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने शुक्रवार की ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली पर बहु-विषयक समिति की बैठक की अध्यक्षता की। इसमें श्रीनगर शहर में ट्रैफिक आवागमन को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तावों के कार्यान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान संगरमल जंक्शन पर सड़क चौड़ीकरण और जहांगीर चौक पर सुधार को मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान डिवीजनल कमिश्नर ने प्रस्तावित ट्रैफिक हस्तक्षेपों के ड्राइंग की समीक्षा की जिसमें एक्सचेंज जंक्शन पर रोटरी का निर्माण, संगरमल जंक्शन पर सड़क चौड़ीकरण और जहांगीर चौक पर सुधार शामिल हैं ताकि एमए रोड पर ट्रैफिक प्रवाह सुगम हो सके। विस्तृत विचार-विमर्श के बाद समिति ने इन प्रस्तावों के कार्यान्वयन को मंजूरी दी।
बैठक में शहर के कई आंतरिक सड़कों पर एकतरफा ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के सकारात्मक परिणामों की समीक्षा की गई और अतिरिक्त क्षेत्रों में इस व्यवस्था को विस्तारित करने का प्रस्ताव रखा गया। यह सूचित किया गया कि पश्चिमी जोन में मिनी-बसों की कलर कोडिंग पूरी हो चुकी है, जबकि पूर्वी जोन में यह प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। ध्वनि प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए जेवीसी, चिल्ड्रेंस हॉस्पिटल और करन नगर के निकटवर्ती क्षेत्रों को नो-हॉर्निंग जोन घोषित किया गया।
परिमपोरा-नरबल हाईवे पर ट्रैफिक दुर्घटना ब्लैक स्पॉट्स के संबंध में डिवीजनल कमिश्नर ने पीडब्ल्यूडी को बीकन के साथ संयुक्त निरीक्षण करने और दुर्घटनाओं के लगातार कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए।
श्रीनगर की जामिया मस्जिद में बहु-स्तरीय पार्किंग सुविधा के विकास पर डिवीजनल कमिश्नर ने डिप्टी कमिश्नर श्रीनगर और एसएससीएल के सीईओ को औकाफ समिति के साथ इस मामले को उठाने के निर्देश दिए। बैठक को सूचित किया गया कि हरवां, नेहरू पार्क और मकई पार्क में आईटी-आधारित पार्किंग सुविधाओं के लिए टेंडर पहले ही जारी किए जा चुके हैं।
डिवीजनल कमिश्नर ने ई-बस रूटों के पुन:संरेखण, ई-बस चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना और मोमिनाबाद जंक्शन पर वाहन अंडरपास के निर्माण से संबंधित मुद्दों पर कार्रवाई रिपोर्ट की भी समीक्षा की। प्रभावी ट्रैफिक निगरानी के महत्व पर जोर देते हुए डिवीजनल कमिश्नर ने एसएससीएल के सीईओ को शहर भर में सभी आईटीएमएस कैमरों की स्थापना और संचालन को तेज करने के निर्देश दिए।