अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। बडगाम जिले के खान साहिब और शेखपोरा के निवासियों ने सोमवार को एक बार फिर से वन्यजीव विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रयासों में तेजी लाने की गुहार लगाई। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रविवार को तेंदुए के हमले के बाद से इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है।
खान साहिब के निवासी मुबाशिर हसन ने कहा कि तेंदुए ने चार लोगों को घायल कर दिया। इससे इलाके में खौफ है। हमने अपनी मूवमेंट इलाके में काफी कम कर दी है। खासकर शाम के समय। दिन में भी कई बार डर लगता है क्योंकि यह पहली बार नहीं है कि तेंदुआ इस इलाके में आया हो, पहले भी वह कई बार आ चुका है इसलिए हम एहतियात बरत रहे हैं। उन्होंने कहा कि कल की घटना के बाद कोई अधिकारी नहीं आया। एक कर्मचारी आया जिसने लोगों को सलाह दी और चला गया। कोई पिंजरा नहीं लगाया।
माय्मूना अख्तर ने कहा कि बच्चों को बाहर भेजने में डर लगता है। अक्सर इलाके में तेंदुआ बच्चों और माल मवेशियों को निशाना बनाता है। पास के जंगल से कई बार तेंदुआ बस्ती में आता रहता है इसलिए हम हमेशा खौफ के साए तले जीते हैं। उन्होंने कहा कि हम वन्यजीव विभाग से अपील करते हैं कि वे जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़े।