- तारिगामी ने सरकार से अनंतनाग और कुलगाम में लेबर सराय स्थापित करने की मांग की
संन्द न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) के प्रदेश अध्यक्ष कॉमरेड मोहम्मद यूसुफ तारिगामी ने रविवार को कहा कि क्षेत्र के असंगठित मजदूर रोजमर्रा की
मुश्किलों से जूझ रहे हैं।
उन्होंने सरकार से अनंतनाग और कुलगाम में लेबर सराय (मजदूर छात्रावास) स्थापित करने की मांग की है ताकि दोनों जिला मुख्यालयों में काम करने वाले असंगठित मजदूरों की रोजमर्रा की मुश्किलों का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि दक्षिण कश्मीर के किश्तवाड़, डोडा, रामबन तथा जम्मू-कश्मीर के बाहर से आने वाले हजारों मजदूर हर रोज अनंतनाग के ऐतिहासिक रेशी मजार (बाबा हैदर शेख रेशी रह.) के पास काम की तलाश में इकट्ठा होते हैं। यहां उनके पास न सुरक्षित रहने की जगह है, न साफ पीने का पानी, न शौचालय और न ही स्वास्थ्य सुविधाएं। कई मजदूर खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर हैं जिससे उनकी सुरक्षा को खतरा होता है और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचती है।
इसी तरह कुलगाम कस्बे में भी स्थानीय व बाहर से आने वाले मजदूरों को यही समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं। मौजूदा हालात स्वीकार करने योग्य नहीं हैं और इसके लिए जिम्मेदार प्रशासनिक हस्तक्षेप की तुरंत जरूरत है। तारिगामी ने प्रशासन से मांग की है कि अनंतनाग में रेशी मजार के निकट तथा कुलगाम कस्बे में जल्द से जल्द लेबर सराय स्थापित किए जाएं। यहां मजदूरों को सुरक्षित आवास, पीने का साफ पानी, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा तथा रोजगार मार्गदर्शन व कानूनी सहायता के लिए सूचना केंद्र उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि मजदूर समुदाय की भलाई और सुरक्षा के लिए ये कदम बेहद जरूरी हैं तथा सरकार को इस दिशा में तत्परता दिखानी चाहिए।