संवाद न्यूज एजेंसी
कुपवाड़ा। रमजान के दौरान बाजार में मूल्यों को नियंत्रित करने और जमाखोरी रोकने के लिए उपायुक्त श्रीकांत सुसे के निर्देश पर तथा अतिरिक्त उपायुक्त हंदवाड़ा जावेद नसीम मसूदी के पर्यवेक्षण में प्रशासन ने सोमवार को हंदवाड़ा टाउन में व्यापक बाजार जांच अभियान चलाया।
इस अभियान का नेतृत्व तहसीलदार हंदवाड़ा जीशान खान ने किया। टीम में एसडीपीओ हंदवाड़ा तथा राजस्व विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम ने हंदवाड़ा टाउन के विभिन्न बाजारों का निरीक्षण किया और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता तथा उचित मूल्यों पर विशेष ध्यान दिया। जांच के दौरान अधिकारियों ने आवश्यक खाद्य पदार्थों, सब्जियों, दुग्ध उत्पादों सहित अन्य रोजमर्रा की वस्तुओं के मूल्यों की सरकारी निर्धारित दरों के अनुरूप जांच की। साथ ही जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली तथा घटिया गुणवत्ता वाली वस्तुओं की बिक्री की भी जांच की।
तहसीलदार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य रमजान के दौरान लोगों को ताजा, स्वच्छ और उचित मूल्य पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने स्थानीय दुकानदारों और विक्रेताओं से अपील की है कि वे निर्धारित मूल्य सूची का सख्ती से पालन करें तथा व्यापार में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आगामी दिनों में भी ऐसी जांच जारी रहेगी ताकि उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा हो सके और किसी भी अनुचित व्यापारिक गतिविधि को रोका जा सके।
हंदवाड़ा ट्रेडर्स फेडरेशन के अध्यक्ष ने इस कदम का किया स्वागत
हंदवाड़ा ट्रेडर्स फेडरेशन के अध्यक्ष ने इस कदम का स्वागत करते हुए प्रशासन की सक्रियता की सराहना की। उन्होंने कहा कि उपवास के इस पवित्र महीने में आवश्यक वस्तुओं का उचित मूल्य पर उपलब्ध होना बहुत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन ने चेतावनी जारी की है कि मुनाफाखोरी, कालाबाजारी या कोई भी उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और निष्पक्ष व्यापार सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।