बर्फ की सफेद चादर में ढका द्रास, स्रोत – सोशल मीडिया
- फोटो : Samvad
कारगिल। लगातार हो रही बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लद्दाख राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जोजिला दर्रा अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। विगत वीरवार से ही यहां वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बर्फ जमाव और प्रतिकूल मौसम परिस्थितियों के चलते एहतियातन जोजिला मार्ग पर यातायात निलंबित किया गया है। द्रास-जोजिला अक्ष में लगातार हो रही बर्फबारी से सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है और बर्फ हटाने के कार्यों की गति भी धीमी पड़ी है।
कारगिल पुलिस टेलीकॉम इकाई की सुबह की जानकारी के अनुसार जोजिला में लगभग नौ इंच ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। सोनमर्ग में करीब डेढ़ फीट बर्फ जमाव हुआ है जो जनवरी के बाद की सबसे भारी बर्फबारी में से एक है। मीनामर्ग में भी ताजा बर्फबारी हुई जिससे फिसलन भरी सड़कें और कम दृश्यता के कारण यात्रा और कठिन हो गई।
वहीं द्रास और पनिकहर में हल्की बर्फबारी हुई लेकिन यातायात पर विशेष प्रभाव नहीं पड़ा। हालांकि जंस्कार में सक्रिय बर्फबारी के कारण सड़कों पर अवरोध और आवाजाही प्रतिबंधित रही। अन्य क्षेत्रों जैसे सांकू, चिकटन, वाखा, दारचिक्स और खंगराल में हल्की बर्फबारी या वर्षा हुई, जहां सड़क संपर्क सामान्य बना रहा।
अधिकारियों ने बताया कि संपर्क बहाल करने के लिए जोजिला पास पर बर्फ हटाने का अभियान जारी है। यात्रियों को प्रभावित मार्गों पर यात्रा की योजना बनाने से पहले आधिकारिक परामर्श का पालन करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग लेह के प्रमुख सोनम लोट्स के अनुसार आने वाले दिनों में हल्की वर्षा और अपेक्षाकृत स्थिर मौसम की संभावना है। 26 मार्च तक भारी बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है। राजमार्ग को दोबारा खोलने संबंधी अगली जानकारी मौसम में सुधार और सफाई कार्यों की प्रगति के आधार पर जारी की जाएगी। संवाद