पुलवामा के अवंतिपोरा में पकड़े गए चोरी के आरोपी और बरामद सामान। स्रोत पुलिस
पुलवामा। अवंतिपोरा में घर में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनसे चोरी किया सामान भी बरामद कर लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार थाना पांपोर में मोहम्मद मकबूल वानी निवासी द्रांगबल ने शिकायत दी थी कि 6-7 जनवरी की दरमियानी रात को उनके घर और दुकान से तांबे का सामान, सोने के गहने और नकदी चोरी हो गई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। संदेह के आधार पर मोहम्मद साहिल शेख निवासी गांव नरेला, दिल्ली और जहूर अहमद खान निवासी मदनपुर खादर, दिल्ली को गिरफ्तार किया गया। वर्तमान में दोनों अनंतनाग के हरनाग इलाके में रह रहे हैं। उनसे चोरी के सामान का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया गया है। बाकी सामान की बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। इसी तरह के अन्य मामलों में आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। संवाद