मंडलायुक्त कश्मीर की ओर से 11 सितंबर को डीएमआरआरएंडआर विभाग के प्रधान सचिव को भेजे पत्र में बताया गया कि छह ट्रांजिट आवास परियोजनाएं पूर्णता के उन्नत चरण में हैं। इनमें जेवन (श्रीनगर), कुलंगामबाग (कुपवाड़ा), काकनमारन (बडगाम), लेथपोरा (पुलवामा), मच्छभवन (अनंतनाग) और चौगाम (कुलगाम) शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आईजीपी कश्मीर के साथ समन्वय कर पर्याप्त पुलिस बल का इंतजाम कर लिया गया है, जिसे कब्जा सौंपे जाने के बाद तैनात किया जा सकेगा। इधर, पीडब्ल्यूडी (आरएंडबी) सर्किल श्रीनगर साउथ ने जेवन में तैयार ट्रांजिट आवासों को हैंडओवर करने की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया है।
विभाग के अनुसार जेवन में सभी 39 ब्लॉकों का सिविल कार्य पूरा हो चुका है। इनमें 26 ब्लॉकों में लिफ्ट लगाई गई हैं। 10 लिफ्टों को मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग से अनिवार्य प्रमाणन मिल चुका है, जबकि 16 लिफ्टों का प्रमाणन प्रक्रिया में है। पूरे परिसर की बाउंड्री और गेट लगाने का काम पूरा है। आंतरिक सड़कों को भी मैकडमाइज कर दिया गया है। विभाग ने डीएमआरआरएंडआर से तैयार ब्लॉकों का कब्जा लेने की कार्रवाई जल्द शुरू करने का आग्रह किया है, ताकि आवासों का इस्तेमाल बिना और देरी के किया जा सके।