लोअर राजवार जल आपूर्ति योजना का काम पूरा, इसी सप्ताल चालू होने की उम्मीद
साकिब नबी
कुपवाड़ा। लोअर राजवार रॉ वॉटर मेन प्रोजेक्ट पूरा होने से हंदवाड़ा के 13 गांवों के लगभग 25 हजार लोगों को सुरक्षित और साफ पीने का पानी उपलब्ध होगा। स्थानीय निवासियों को बीते एक दशक से इस प्रोजेक्ट के पूरा होने का इंतजार था।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नौ किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, जो फिल्टरेशन प्लांट को लोअर राजवार इलाके से जोड़ती है। अधिकारियों के अनुसार, पाइपलाइन का ट्रायल पूरी तरह सफल रहा है। पीएचई हंदवाड़ा-बारामुला के अधिशासी अभियंता एजाज अहमद ने बताया कि परियोजना इसी सप्ताह चालू कर दी जाएगी। इससे वर्षों से भीषण जल संकट से जूझ रहे हजारों लोगों की पेयजल समस्या में काफी सुधार होगा। इस योजना से डुडीपोरा, बाकियाखेर, बादरहेर, बुडकोट, माछीपोरा, खिरमन, नाबेदज़ाब, नगरा नार, बादरकली, बहादुरपोरा, गोरियाखेर, वाडीपोरा और लाछीपोरा गांवों को सीधा फायदा मिलेगा।
स्थानीय निवासियों ने इस कदम का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया है। बुडकोट निवासी मोहम्मद सुल्तान ने खुशी जताते हुए कहा कि लगभग दस साल के इंतजार के बाद आखिरकार हमारे घरों तक साफ पानी पहुंचेगा। यह हम सभी के लिए एक सपने के सच होने जैसा है।
माछीपोरा के रहने वाले गुलाम नबी ने सरकार और पीएचई विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें उम्मीद नहीं थी कि एक दिन हमारे घरों तक नल का पानी पहुंचेगा। हम लंबे समय से अटकी इस परियोजना को पूरा करने के लिए अधिकारियों के आभारी हैं।
इस सप्ताह परियोजना के शुरू होने के साथ ही राजवार क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है, जो इस इलाके के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।