बांदीपोरा के गुरेज में जंगल में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के केलर बेल्ट के चौवान में स्थित जंगल में सोमवार को आग लग गई। हालांकि आसपास के आबादी वाले क्षेत्रों में आग को फैलने से रोकने के लिए वन विभाग, पुलिस और दमकल विभाग की इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए। इस संदर्भ में वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शोपियां वन प्रभाग के क्षेत्र में स्थित पेड़ाें से घिरी एक जगह में सोमवार सुबह आग लग गई। सूखी झाड़ियों और गिरी पत्तियों के कारण आग फैल गई। जानकारी मिलते ही विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर और इमरजेंसी सेवाओं तथा स्थानीय पुलिस के कर्मचारियों के सहयोग से आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया।
तीन मंजिला घर में आग, दो दमकलकर्मी झुलसे
श्रीनगर के हब्बा कदल इलाके में सोमवार को आग लगने से एक तीन मंजिला घर को नुकसान पहुंचा। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में दो दमकल कर्मी झुलस गए। एक अधिकारी ने बताया कि डिपार्टमेंट को सुबह करीब 11:46 बजे एक डिस्ट्रेस कॉल मिली जिसके बाद फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि तुरंत कार्रवाई करके आग पर काबू पा लिया गया। जब तक फायर इमरजेंसी टीमें मौके पर पहुंचीं तब तक इमारत पूरी तरह से जल चुकी थी। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन के दौरान आग बुझाते समय दो दमकल कर्मी अजय और मनोज घायल हो गए। उन्हें तुरंत इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया। अधिकारी ने आगे कहा कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है और आग लगने का कारण पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।