आईईडी की सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस की टीमें तत्काल हरकत में आ गईं। जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने निजी स्कूल के पास संदिग्ध वस्तु को देखा और अधिकारियों को सूचना दी। सुरक्षा एजेंसियों की टीमें बम निरोधक दस्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंच गईं। नागरिक सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर आवाजाही रोक दी गई। पूरी मुस्तैदी के साथ सोमवार रात करीब 9.30 बजे बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया।
आम नागरिकों से अपील, संदिग्धवस्तु दिखने पर तुरंत सूचना दें
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार इस पूरी कार्रवाई में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है। सुरक्षाबलों ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है ताकि किसी अन्य संदिग्ध सामग्री या आतंकियों की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह विस्फोटक यहां कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस या नजदीकी सुरक्षा एजेंसी को सूचना दें।