मौजूदा सुरक्षा स्थिति और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा की
सैनिकों से बातचीत कर उनकी कार्यशैली की सराहना की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा ने ऐस ऑफ स्पेड्स डिवीजन राजोरी और काउंटर इन्सुरजेंसी फोर्स यानि रोमियो फोर्स के परिचालन क्षेत्रों का दौरा कर मौजूदा सुरक्षा स्थिति तथा सेना की ऑपरेशनल तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
लेफ्टिनेंट जनरल पीके मिश्रा को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था, परिचालन तैयारियों, क्षमता वृद्धि, आधुनिक निगरानी प्रणालियों, सटीक प्रहार क्षमताओं तथा भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप सैन्य तैयारियों को मजबूत करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की विस्तृत जानकारी दी गई।
जीओसी ने तैनात सैनिकों से भी बातचीत की और उनके उच्च मनोबल, अनुशासन तथा पेशेवर कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने सभी रैंकों की अदम्य सतर्कता, परिचालन उत्कृष्टता और सुरक्षित एवं स्थिर वातावरण बनाए रखने के प्रति उनके निरंतर समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय सेना हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य को देखते हुए सेना अपनी परिचालन क्षमताओं को आधुनिक तकनीक और उन्नत संसाधनों से सशक्त बना रही है। निगरानी तंत्र को मजबूत करने, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ाने तथा भविष्य के युद्ध की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस मौके पर सेना ने देश की सुरक्षा, शांति और स्थिरता बनाए रखने के संकल्प को भी दोहराया।