बिलावर। महानपुर वन रेंज कार्यालय के पास शुक्रवार दोपहर आग भड़क गई। इसे फैलने से रोकने के लिए स्थानीय वनकर्मियों ने रेंज अधिकारी भूपेंद्र सिंह बलौरिया के नेतृत्व में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। शुक्रवार दोपहर बाद आग की लपटें कंपार्टमेंट नंबर 43 की तरफ बढ़ने लगी और आसपास की झाड़ियां और जंगल में फैलने लगीं। वन विभाग की टीम ने तुरंत फायर लाइन बनाई और कर्मचारियों ने मिलकर अथक प्रयास किया। इसके बाद आग को किसी भी बड़े नुकसान के होने से रोक लिया गया। रेंज अधिकारी ने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में जंगल की आग या कोई ऐसी आपातकालीन स्थिति दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क करें ताकि समय रहते ही आग पर काबू पाया जा सके और वन संपदा को बड़े नुकसान से बचाया जा सके। संवाद