केरलम के कोच्चि में सिनेगॉग के सामने नर्सरी में आगजनी के मामले में आरोपी एबिन पॉल को एनआईए की अदालत ने 27 नवंबर तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया है। एनआईए का आरोप है कि टेलीग्राम के जरिए मिले निर्देशों पर आगजनी की गई और इसके बदले क्रिप्टोकरेंसी में भुगतान हुआ। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
केरलम के कोच्चि की एर्नाकुलम मार्केट में एक सिनेगॉग (यहूदी प्रार्थना स्थल) के सामने नर्सरी में आग लगाने के आरोपी एबिन पॉल को सोमवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की अदालत ने एजेंसी की हिरासत में भेज दिया। पुथेनक्रुज के रहने वाले पॉल अब 27 नवंबर की शाम 5 बजे तक एनआईए की हिरासत में रहेंगे। उसे बीते महीने इस मामले में गिरफ्तार किया गया था।
विज्ञापन
यहूदी समुदाय में दहशत फैलाना था मकसद
जांच एजेंसी ने अदालत से पॉल की हिरासत मांगी थी। एनआईए ने दलील दी कि आरोपी और उसके साथियों ने आगजनी की घटना को अंजाम देकर यहूदी समुदाय के बीच डर फैलाने की साजिश रची थी। एजेंसी का कहना है कि इस मामले की तह तक पहुंचने और साजिश में शामिल दूसरे लोगों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जरूरी है।
टेलीग्राम के जरिए मिले थे आगजनी के निर्देश
एनआईए ने अदालत को बताया कि पॉल ने एसआर और विक्रम सिंह नाम से टेलीग्राम अकाउंट चलाने वाले लोगों और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। इसका मकसद देश की अखंडता और सुरक्षा को नुकसान पहुंचाना और यहूदी समुदाय में दहशत फैलाना था। एजेंसी के मुताबिक, पॉल ने हैंडलर्स के निर्देश पर सिनेगॉग के सामने वाले गेट में आग लगाई। उसने घटना का वीडियो बनाया और उसे टेलीग्राम के जरिए भेज दिया।
विज्ञापन
आग लगाने के दो घंटे बाद क्रिप्टो में मिला पैसा
जांच एजेंसी का दावा है कि आगजनी की घटना के करीब दो घंटे बाद पॉल के कूकॉइन अकाउंट में एक निजी क्रिप्टो वॉलेट के जरिए पैसे भेजे गए थे। एनआईए के मुताबिक, आरोपी ने हैंडलर्स के कहने पर मुवाट्टुपुझा में अवासा प्रॉपर्टीज और माई कार्स में भी आगजनी की थी। एजेंसी अब इन घटनाओं के बीच आपसी संबंधों की जांच कर रही है।
पहचान छिपाने के लिए अपनाए थे तकनीकी तरीके
एनआईए के अनुसार, आरोपी और उसके संपर्क में रहे लोगों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए कई तकनीकी तरीकों का इस्तेमाल किया। इनमें वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क (वीपीएन), एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग और निजी क्रिप्टो वॉलेट शामिल हैं। जांच एजेंसी अब इन डिजिटल माध्यमों के जरिए आरोपियों के संपर्कों और पूरी साजिश का पता लगाने में जुटी है।