ब्लास्ट के बाद फटा पड़ा सिलेंडर।
- फोटो : अमर उजाला
Mumbai Gas Cylinder Blast: मुंबई के मलाड इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। मंगलवार की सुबह एक चॉल में गैस सिलेंडर फट गया। इस धमाके में 7 लोग घायल हो गए। इनमें एक 2 साल का बच्चा भी शामिल है। वहीं, दो महिलाओं की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
पीटीआई के अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 9 बजकर 25 मिनट पर हुआ। यह हादसा मलाड वेस्ट के मालवणी इलाके में हुआ। यहां भारत माता स्कूल के पास एक चॉल है। इसी चॉल में सिलेंडर फटा था। धमाका इतना तेज था कि इसके बाद घर में आग लग गई। घटना में घर का सारा सामान जलकर राख हो गया।
गैस लीक की वजह से हुआ धमाका
अधिकारियों ने बताया कि सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी। इसी वजह से यह जोरदार धमाका हुआ। इस ब्लास्ट में 7 लोगों के घायल हो गए। इनमें से रोमा (35 साल) और अलीशा (18 साल) की हालत बहुत सीरियस है। दोनों करीब 35 परसेंट तक जल चुकी हैं।
हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े। उन्होंने सभी घायलों को पहले प्राइवेट अस्पतालों में पहुंचाया। बाद में कुछ लोगों को सरकारी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। घायलों में जुलेखाबानो आफताब अंसारी (60 साल), आदिल शेख (2 साल) को कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, विजय चौधरी (54), तौसीब खान (18) और अली कासम (17) को बीडीबीए अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, इनको प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।