प्रदर्शनकारियों के समर्थन में उतरे स्थानीय नेता
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
महाराष्ट्र के पालघर जिले में खराब सड़कों और पर्याप्त बुनियादी ढांचे की कमी को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के कार्यकर्ता विवेक तिवारी के नेतृत्व में चल रहा ‘सड़क सत्याग्रह’ करीब एक सप्ताह से जारी है। आंदोलन के छठे दिन गुरुवार को सीजेपी के एक प्रतिनिधिमंडल ने धरना स्थल का दौरा किया। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शनकारियों के प्रति समर्थन जताया और उनकी बिगड़ती सेहत का जायजा लिया।
विवेक तिवारी ने मुंबई के बाहरी इलाके में स्थित वसई-विरार क्षेत्र में खराब होती सड़कों और बुनियादी ढांचे की कमी के खिलाफ ‘सड़क सत्याग्रह’ शुरू किया है। कांग्रेस और अन्य दलों के स्थानीय नेताओं ने भी प्रदर्शन को अपना समर्थन दिया है।
राजस्थान में सीजेपी कर रही स्कूलों का दौरा
वहीं, राजस्थान के जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी के स्कूलों का दौरा करने का विरोध हो रहा है। शुक्रवार की सुबह रामपुरा, कंवरपुरा स्थित प्राथमिक स्कूल का दौरा करने पहुंचे सीजेपी के प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणों से धक्का-मुक्की कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
सीजेपी के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने एक्स पर पोस्ट में कहा, ''रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पिछले कई वर्षों से भैंसों के तबेले में चल रहा है। मैं अभी वही पहुंच रहा हूं। लेकिन हमारी टीम के कुछ साथी जो वहां पहुंचे हुए थे, उनके साथ भाजपा के गुंडे फिर मारपीट पर उतर आए। भाजपा को हमारे बच्चे भैंसों के तबेले में पढ़ते रहे, यह मंजूर है, लेकिन इन स्कूलों को अगर हम ठीक करवाने की कोशिश करें यह मंजूर नहीं है। इससे शर्मनाक बात क्या हो सकती है?''