कर्नाटक के कोप्पल के सांसद एक कार्यक्रम के दौरान सानापुर गांव में एक विदेशी महिला से दुष्कर्म और हत्या को छोटी घटना बता गए। जिसके बाद उनकी तीखी आलोचना शुरू हो गई है। विभिन्न पार्टियों ने भी सांसद के बयान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानिए क्या है ये पूरा मामला
कोप्पल के सांसद के राजशेखर हितनाल के एक बयान पर हंगामा हो गया है। दरअसल बीते साल कोप्पल के सानापुर गांव में एक विदेशी पर्यटक के साथ दुष्कर्म और एक पर्यटक की हत्या की घटना हुई थी। कोप्पल के सांसद ने एक कार्यक्रम के दौरान इसे छोटी घटना बताया। जिस पर लोगों ने कड़ी नाराजगी जाहिर की। कई नेताओं ने भी सांसद के बयान पर आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर भी सांसद की आलोचना की जा रही है।
विज्ञापन
क्या है मामला
बुधवार को कोप्पल के जिला प्रशासन कार्यालय में कोप्पल में पर्यटन को बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के साथ एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में कोप्पल सांसद के राजशेखर हितनाल भी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में कोप्पल सांसद ने बीते साल सानापुर गांव में विदेशी पर्यटक से दुष्कर्म और एक पर्यटक की हत्या को छोटी घटना करार दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए क्योंकि इससे पर्यटन की संभावनाएं प्रभावित होती हैं, लेकिन सांसद सानापुर की घटना को एक बार फिर छोटी घटना कह गए। बीते साल सानापुर गांव में एक इस्राइली महिला और एक स्थानीय महिला के साथ दुष्कर्म हुआ था और एक पर्यटक की हत्या कर दी गई थी।
बयान की चौतरफा आलोचना
जेडीएस नेता सीवी चंद्रशेखर ने सांसद के बयान को गैर जिम्मेदाराना बताया और कहा कि जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के बजाय सांसद अपराध की गंभीर घटना को कमतर करके आंक रहे हैं।
भाजपा नेता डॉ. बासवराज ने सांसद के बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस बयान की कोई सफाई नहीं हो सकती और एक सांविधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से ऐसे बयान की उम्मीद नहीं की जाती। उन्होंने कहा वे एक गंभीर अपराध की गंभीरता को कम करके दिखा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सानापुर की घटना के बाद से कोप्पल में पर्यटकों की संख्या में गिरावट आई है।
चौतरफा आलोचना से घिरने के बाद सांसद राजशेखर हितनाल ने अपने बयान पर सफाई दी और कहा कि वे अपराध की गंभीरता को कम करके नहीं आंक रहे हैं और सानापुर की घटना दर्दनाक है और ऐसा नहीं होना चाहिए।
सोशल मीडिया पर भी सांसद के बयान पर यूजर्स नाराजगी जता रहे हैं और माफी की मांग कर रहे हैं।