फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लतीफ भट के खात्मे से बौखलाया लश्कर: 500 पाकिस्तानी आतंकी घुसपैठ को तैयार; क्या है आईएसआई की नई योजना?

Thu, 19 Nov 2026 03:24 PM IST
राकेश कुमार आईएएनएस, नई दिल्ली।

सार

दक्षिण कश्मीर में लतीफ भट के मारे जाने के बाद खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान की नई आतंकी रणनीति को लेकर सतर्कता बढ़ाई है। खुफिया इनपुट के मुताबिक, लश्कर, हिजबुल और जैश के 500 से ज्यादा आतंकी घुसपैठ के इंतजार में हैं। आईएसआई कई सेक्टरों से एक साथ घुसपैठ कराने और आतंकियों को जंगलों में छिपाने की कोशिश कर सकती है। इसके साथ ही नए ओवरग्राउंड वर्कर्स तैयार करने और दुष्प्रचार के जरिए घाटी में तनाव बढ़ाने की आशंका भी जताई गई है।
 
Register For Event
विज्ञापन
कश्मीर में घुसपैठ की साजिश - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दक्षिण कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के आखिरी सक्रिय आतंकी लतीफ भट के मारे जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी राहत मिली है। हालांकि, खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई अब जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की घुसपैठ बढ़ाने की कोशिश कर सकती है। इसके लिए कई मोर्चों से एक साथ आतंकियों को भारतीय सीमा में भेजने की रणनीति तैयार की जा रही है। खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ भट के मारे जाने से लश्कर को बड़ा झटका लगा है। अब पाकिस्तानी आतंकी संगठन सुरक्षा बलों पर दबाव बनाने की कोशिश कर सकते हैं।
विज्ञापन


पाकिस्तान में कितने आतंकी घुसपैठ के इंतजार में हैं?
खुफिया ब्यूरो (आईबी) के एक अधिकारी के मुताबिक, पाकिस्तान में 500 से ज्यादा आतंकी भारतीय सीमा में दाखिल होने का इंतजार कर रहे हैं। इनमें लश्कर-ए-तैयबा, हिजबुल मुजाहिदीन और जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी शामिल हैं। ये आतंकी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में बने लॉन्चपैड पर मौजूद हैं। सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने के कारण उनकी घुसपैठ की कई कोशिशें नाकाम हो चुकी हैं। 

आईएसआई ने घुसपैठ के लिए क्या नई रणनीति बनाई?
पहले आतंकियों को अलग-अलग समय पर और सीमित संख्या में भारतीय सीमा में भेजने की योजना थी। लेकिन अब आईएसआई कई रास्तों से एक साथ ज्यादा आतंकियों को भेजने की तैयारी कर रही है। इसके पीछे मकसद सुरक्षा बलों पर दबाव बढ़ाना है, जिससे निगरानी के दौरान किसी एक जगह चूक होने की आशंका बढ़ जाए। खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, आईएसआई ने लॉन्चपैड संभालने वाले अपने लोगों को सभी सेक्टरों में घुसपैठ की कोशिशें तेज करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन


क्या घुसपैठ करते ही हमला करेंगे आतंकी?
  • खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल आतंकियों का काम सिर्फ भारतीय सीमा में दाखिल होना है। उन्हें सीमा पार करते ही हमला करने का निर्देश नहीं दिया गया है। उनकी आगे की जिम्मेदारी क्या होगी, इसकी जानकारी घुसपैठ के बाद ही दी जाएगी।
  • अधिकारियों के मुताबिक, आतंकियों को पहले घने जंगलों में छिपने और अगले निर्देश का इंतजार करने के लिए कहा जा सकता है। यह तरीका पहलगाम हमले जैसा हो सकता है। उस हमले में भी पाकिस्तान से आए आतंकी कई महीनों तक जंगलों में छिपे रहे थे और बाद में निर्देश मिलने पर हमला किया था।
यह भी पढ़ें: चक्रवात अकवान: बिगड़ा ट्रेनों का शेड्यूल, वंदे भारत समेत 23 ट्रेनों के समय में बदलाव; 8 घंटे तक की होगी देरी

ओवरग्राउंड वर्कर्स के नेटवर्क को कैसे मजबूत कर रहा पाकिस्तान?
खुफिया अधिकारियों के मुताबिक, पाकिस्तान अपने ओवरग्राउंड वर्कर्स के नेटवर्क को नए लोगों के जरिए दोबारा खड़ा करने की कोशिश कर रहा है। इस बार उसकी नजर युवाओं पर है। इसमें स्कूल जाने वाले बच्चे भी शामिल हैं। आईएसआई ऐसे लोगों को नेटवर्क में शामिल करना चाहती है, जिनका पहले से कोई पुलिस रिकॉर्ड न हो। इससे सुरक्षा एजेंसियों के लिए उनकी पहचान करना मुश्किल हो सकता है। अधिकारियों का कहना है कि नए नेटवर्क में शामिल लोग पहली बार ऐसी गतिविधियों से जुड़ रहे होंगे।

लतीफ भट की मौत के बाद क्या कर सकता है लश्कर?
खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि लतीफ भट के मारे जाने के बाद लश्कर-ए-तैयबा दुष्प्रचार और गलत सूचनाएं फैलाने की कोशिश तेज कर सकता है। इसका मकसद घाटी में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाना और लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए उकसाना हो सकता है। एक अधिकारी के मुताबिक, संगठन चाहता है कि ऐसे हालात बनें, जिनकी आड़ में वह घाटी में अपना नेटवर्क दोबारा खड़ा कर सके। इसलिए सुरक्षा एजेंसियां केवल सीमा पर घुसपैठ ही नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों और भड़काऊ प्रचार पर भी नजर रख रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें