अटलांटिक महासागर में क्रूज शिप एमवी होंडियस पर हंता वायरस संक्रमण के मामले सामने आने के बीच भारत सरकार स्थिति पर कड़ी नजर बनाए हुए है। जहाज पर सवार दो भारतीय नागरिक फिलहाल स्वस्थ हैं और अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रोटोकॉल के तहत निगरानी में रखे गए हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, जहाज पर मौजूद दोनों भारतीय नागरिकों में हंता वायरस संक्रमण के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। उन्हें अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियमों (आईएचआर) के तहत निगरानी में रखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, विश्व स्वास्थ्य संगठन और अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार संपर्क में है। इसके साथ ही स्थिति के विकसित होने पर बारीकी से नजर रख रहा है। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) और एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आईडीएसपी) जैसी संस्थाएं भी इस मामले में सक्रिय रूप से समन्वय कर रही हैं।
ये भी पढ़ें: Hantavirus Outbreak: 5 देशों को भेजीं डायग्नोस्टिक किट, हंता वायरस के मामलों की लगातार निगरानी कर रहा WHO
हंता वायरस से अब तक तीन लोगों की मौत
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को मई के पहले सप्ताह में एवी होंडियस पर हंता वायरस संक्रमण के संभावित मामलों की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जहाज पर आठ संभावित मामले सामने आए हैं, जिनमें से पांच की प्रयोगशाला में पुष्टि हो चुकी है। दुर्भाग्यवश, इस संक्रमण के कारण तीन लोगों की मौत भी हो चुकी है।
संक्रमित वायरस एंडीज स्ट्रेन का हंता वायरस बताया जा रहा है, जिसकी मानव-से-मानव में फैलने की क्षमता सीमित है। इसके प्रसार के लिए आमतौर पर निकट और लंबे समय तक संपर्क की आवश्यकता होती है। डब्ल्यूएचओ ने वर्तमान में इस संक्रमण से सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए जोखिम को कम बताया है। हालांकि संक्रमण की लंबी इनक्यूबेशन अवधि के कारण भविष्य में और मामले सामने आ सकते हैं।
भारत में हो रही क्या तैयारी?
डब्ल्यूएचओ अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियमों के तहत प्रतिक्रिया उपायों का समन्वय कर रहा है, जिसमें नैदानिक सहायता को मजबूत करना, महामारी विज्ञान मूल्यांकन की सुविधा प्रदान करना और यात्रियों तथा चालक दल के सुरक्षित उतरने और यात्रा की व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है।
ये भी पढ़ें: Hanta Virus: क्या है हंता वायरस? जिससे दहशत में है दुनिया, जानिए इससे जुड़ी सभी जानकारी
इस उभरती स्थिति को देखते हुए आईडीएसपी और एनसीडीसी के तहत सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई है। इस बैठक में आईडीएसपी और आईएचआर-एनएफपी इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्थिति का आकलन किया और तैयारियों की समीक्षा की।
अन्य वीडियो