Trump Announced To Meet Colombian President: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि वह फरवरी की शुरुआत में कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो से मुलाकात करेंगे। हालिया फोन बातचीत के बाद ट्रंप का रुख नरम हुआ है। बैठक में अमेरिका में कोकीन तस्करी रोकने और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
अमेरिका और कोलंबिया के बीच हाल के तनाव के संकेतों के बीच अब रिश्तों में नरमी के संकेत मिले हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह फरवरी की शुरुआत में कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो से मुलाकात करेंगे। यह बैठक ऐसे समय में होने जा रही है, जब ड्रग तस्करी और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दे दोनों देशों के एजेंडे में शीर्ष पर हैं।
विज्ञापन
ट्रंप ने बताया कि कोलंबियाई राष्ट्रपति से हाल ही में हुई एक सौहार्दपूर्ण फोन बातचीत के बाद यह मुलाकात तय हुई है। इसी कॉल के दौरान उन्होंने पेट्रो को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया। इससे पहले ट्रंप का रुख कड़ा दिख रहा था, लेकिन इस बातचीत के बाद स्वर में बदलाव साफ नजर आया है।
कोकीन तस्करी पर तेज कार्रवाई की मांग
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि बैठक में अमेरिका में कोकीन की तस्करी रोकने पर ठोस और तेज प्रगति की जरूरत पर चर्चा होगी। ट्रंप ने पेट्रो से अपील की कि कोलंबिया से निकलने वाली कोकीन की सप्लाई चेन पर सख्ती से लगाम लगाई जाए। अमेरिका लंबे समय से इस मुद्दे पर कोलंबिया से ज्यादा सहयोग की मांग करता रहा है।
पहले दिखी थी सख्ती, अब कूटनीतिक नरमी
पिछले सप्ताह वेनेजुएला के पूर्व नेता निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के लिए हुए अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद ट्रंप ने संकेत दिए थे कि क्षेत्र के अन्य देशों के नेताओं के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं। इसी क्रम में उन्होंने कोलंबियाई नेतृत्व को लेकर भी कड़े संकेत दिए थे, लेकिन अब उनकी भाषा और रुख में बदलाव देखा जा रहा है।
व्हाइट हाउस बैठक से क्या उम्मीदें
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि फरवरी की बैठक केवल औपचारिक नहीं होगी। इसमें ड्रग तस्करी के अलावा अवैध कार्टेल नेटवर्क, सीमा पार अपराध और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर ठोस रोडमैप तय हो सकता है। अमेरिका चाहता है कि कोलंबिया इस दिशा में ज्यादा प्रभावी भूमिका निभाए।
इस मुलाकात को अमेरिका-कोलंबिया संबंधों के लिए अहम मोड़ माना जा रहा है। ट्रंप प्रशासन जहां सख्त सुरक्षा नीति अपनाने की बात करता रहा है, वहीं पेट्रो के साथ बैठक यह संकेत देती है कि अमेरिका कूटनीति और संवाद के जरिए भी समाधान तलाशने को तैयार है। आने वाले हफ्तों में यह साफ होगा कि यह मुलाकात केवल प्रतीकात्मक रहती है या दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देती है।