फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत में कोरोना: महाराष्ट्र में 51751 मामले, हरियाणा में रात्रि कर्फ्यू, जानिए बाकी राज्यों का हाल

Mon, 12 Apr 2021 11:02 PM IST
गौरव पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

  • महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 51,751 नए मामले
  • मध्यप्रदेश में 6489 नए मामले, एक दिन में अब तक सबसे ज्यादा 
  • हरियाणा में मिले 3818 नए मरीज, रात्रि कर्फ्यू लागू करने का आदेश
  • जानिए देश के बाकी राज्यों का हाल, कहां मिले कितने नए मामले
Register For Event
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : पिक्साबे
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देश में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के 51,751 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही इस अवधि में 52,312 मरीज ठीक हुए और 258 की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 34 लाख 58 हजार 996 हो गए हैं। इनमें से 28 लाख 34 हजार 473 लोग ठीक हो चुके हैं और 58,245 की मौत हुई है। प्रदेश में अब कोरोना के पांच लाख 64 हजार 756 सक्रिय मामले हैं। 

विज्ञापन


प्रदेश के पुणे जिले में पिछले 24 घंटों में 9621 नए कोविड मामले सामने आए हैं, 8151 मरीज ठीक हुए हैं और 86 की मौत हुई हैं। जिले में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या अब 99,806 हो गई है। नागपुर में पिछले 24 घंटों में 5661 नए मामले मिले, 3247 मरीज ठीक हुए और 69 की मौत हुई। यहां अब 5838 सक्रिय मामले हैं। वहीं, मुंबई में आज 6905 नए मामले मिले, 9037 लोग ठीक हुए और 43 मरीजों की मौत हो गई। शहर में अब 90367 सक्रिय मामले हैं।

मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के सर्वाधिक 6489 नए मामले

मध्यप्रदेश में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 6,489 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या तीन लाख 44 हजार 634 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस जानलेवा बीमारी के चलते 37 और व्यक्तियों की मौत हुई है। बता दें कि प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4,221 हो गई है। यह जानकारी मध्यप्रदेश स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने दी है।

अधिकारी ने कहा कि सोमवार को कोविड-19 के 923 नए मामले इंदौर में आए, जबकि भोपाल में 824, ग्वालियर में 497, जबलपुर में 469 और उज्जैन में 212 नए मामले दर्ज किए गए। अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब कोरोना वायरस संक्रमण के सक्रिय मामलों की संख्या 38,651 पर पहुंच गई है, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। उन्होंने कहा कि सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 3,117 रोगियों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

यूपी में 13685 मामले, योगी ने की नियम मानने की अपील

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 13,685 नए मामले दर्ज किए गए। इसी अवधि में यहां 3197 मरीज ठीक हुए और 72 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अभी तक कोरोना के चलतके 9224 लोगों की मौत हो चुकी है। यहां अब कोरोना के 81,576 सक्रिय मामले हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में नगर निकायों के मेयर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना की स्थिति को लेकर सोमवार को चर्चा की। यहां मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई केवल सरकार की नहीं है। यह आम लोगों की लड़ाई है। यह मानवता को बचाने की लड़ाई है। सभी लोगों से अपील है कि करोना के नियमों का पालन करें।

हरियाणा में 3818 मामले, रात्रि कर्फ्यू लागू करने का आदेश

हरियाणा में रात नौ बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि कर्फ्यू लागू करने का फैसला किया गया है। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस दौरान आवश्यक सेवाओं और गतिविधियों के लिए अनुमति होगी। सभी गैर जरूरी सेवाएं और गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी।  सोमवार को हरियाणा में कोरोना के 3818 नए मामले सामने आए जो लगभग पांच महीनों में सबसे अधिक है। प्रदेश के गुरुग्राम, करनाल, कुरुक्षेत्र और फरीदाबाद जैसे इलाकों में कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी गई है।

हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि रात नौ बजे से सुबह पांच बजे के बीच सभी गैर-जरूरी गतिविधियों के लिए व्यक्तियों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। अधिकृत प्राधिकारियों द्वारा विशेष रूप से जारी सीमित आवाजाही कर्फ्यू पास को छूट दी गई है। अस्पताल, दवा की दुकानें और एटीएम चौबीसों घंटे खुले रहेंगे। गर्भवती महिलाओं, रोगियों को चिकित्सा सेवा पाने के लिए और हवाई अड्डे या रेलवे स्टेशनों से लौटने या जाने वालों को छूट रहेगी।

गुजरात में 6021 नए कोरोना मामले, ठीक होने की दर घटी

गुजरात में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 6,021 नए मामले सामने आने के साथ अब तक संक्रमित हुए लोगों की कुल संख्या बढ़ कर सोमवार को तीन लाख 53 हजार 516 पर पहुंच गई, जबकि 55 और संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में संक्रमण के नए मामलों की यह संख्या रोज सामने आने वाले मामलों के आंकड़ों के लिहाज से अब तक की सर्वाधिक है। राज्य में अभी उपचाराधीन मरीजों की संख्या 30,680 है। अब तक कुल 4,855 लोगों की महामारी से मौत हुई है।

विभाग ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से हुई 55 मौतों में 20 मरीजों की अहमदाबाद जिले में, 19 की सूरत में, सात की वड़ोदरा में और छह की राजकोट में मौत हुई। वहीं, भरूच, बोताड और साबरकंठा में एक-एक संक्रमित की मौत हो गई। अहमदाबाद शहर में 1907 नए मामले सामने आए, जो राज्य के शहरों में सर्वाधिक है। वहीं, सूरत शहर में 1,117और राजकोट शहर में 503 नए मामले हैं। यहां मरीजों के ठीक होने की दर घट कर 89.95 फीसदी रह गई है।

बिहार में सामने आए 2999 नए मामले, छह लोगों की मौत

बिहार में सोमवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2999 नए मामले सामने आए जबकि छह मरीजों की मौत हो गई। अबतक राज्य में संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढकर दो लाख 86 हजार 228 हो गई जबकि मृतक संख्या 1616 हो गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बिहार में पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से बांका, भागलपुर, भोजपुर, गया, पटना एवं सिवान में एक-एक मरीज की मौत होने से प्रदेश में इस रोग से संक्रमित होकर मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 1616 हो गई ।

रविवार दोपहर बाद चार बजे से सोमवार चार बजे तक कोरोना वायरस संक्रमण के जो 2999 नए मामले सामने आए हैं उनमें राजधानी पटना के सबसे अधिक 1197 नए मरीज हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान गया में 184, भागलपुर में 161, मुजफ्फरपुर में 141, बेगूसराय में 102, सिवान में 87, सहरसा में 75, गोपालगंज में 65, पूर्णिया में 63, भोजपुर में 61, जहानाबाद में 59, बक्सर में 58 और मुंगेर में 54 नए मामले सामने आए हैं । यहां कोरोना संक्रमण से ठीक होने की दर 93.48 फीसदी है।

'अंडमान द्वीपसमूह में लॉकडाउन लगाने की योजना नहीं है'

कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बावजूद अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह में अभी तक लॉकडाउन लगाने की योजना नहीं है। यह बात सोमवार को केंद्र शासित प्रदेश के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कही। केंद्र शासित प्रशासन के सूचना, प्रचार एवं पर्यटन सचिव एसके सिंह ने कहा कि द्वीपसमूह में कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाएगा। द्वीपसमूह में सोमवार को 15 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 5190 हो गई है।

एसके सिंह ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'अभी तक लॉकडाउन लगाने की योजना नहीं है लेकिन कोविड-19 प्रोटोकॉल को कड़ाई से लागू किया जाएगा। उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। हमारा ध्यान जांच, पता लगाने और उपचार करने पर होगा।' 
विज्ञापन

उत्तराखंड में 1334 नए मामले, 605 मरीज ठीक हुए

उत्तराखंड में आज कोरोना संक्रमण के 1334 नए मामले दर्ज किए गए, 605 मरीज ठीक हुए और सात लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के सक्रिय मामलों का आंकड़ा 7846 हो गया है। वहीं, राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने कहा है कि कंटेनमेंट जोन के बाहर होने वाले विवाह कार्यक्रमों में अधिकतम 200 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। इस दौरान कोविड निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें