Brain Computer Interface Technology
- फोटो : Amar Ujala
चीन में 250 से ज्यादा कंपनियां इस क्षेत्र में हैं सक्रिय
चीन में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक पर तेजी से काम हो रहा है। वहां की सरकारी मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक देश में इस क्षेत्र से जुड़ी 250 से ज्यादा कंपनियां सक्रिय हैं। चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से जुड़ी संस्था चाइना एकेडमी ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी के शोध के मुताबिक दुनियाभर में ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस कंपनियों की संख्या भी बढ़ रही है। इस साल वैश्विक स्तर पर ऐसी कंपनियों की संख्या 1175 तक पहुंच गई है, जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 800 से अधिक था। इससे पता चलता है कि ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक को लेकर दुनिया भर में प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है।
बिना बड़ी सर्जरी के दिमाग तक चिप पहुंचाने की तैयारी
ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक के विकास के साथ ही वैज्ञानिक ऐसे तरीके भी तलाश रहे हैं, जिनसे दिमाग में डिवाइस लगाने की प्रक्रिया को कम जटिल बनाया जा सके। पारंपरिक ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस इम्प्लांट लगाने के लिए मरीज की खोपड़ी खोलकर सर्जरी करनी पड़ती है। इसके मुकाबले चीन के कुछ स्टार्टअप और वैज्ञानिक ऐसे इम्प्लांट विकसित कर रहे हैं, जिन्हें गर्दन की रक्त वाहिकाओं के रास्ते दिमाग तक पहुंचाने की योजना है।
इस प्रक्रिया में डिवाइस को स्टेंट की तरह रक्त वाहिका के जरिए दिमाग के एक खास हिस्से तक ले जाने का विचार है। इस दिशा में शंघाई की स्टार्टअप कंपनी स्टेरमेड टेक्नोलॉजी काम कर रही है। कंपनी ने चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के शोधकर्ताओं के साथ मिलकर इस तकनीक पर रिसर्च शुरू की है। हालांकि, अब तक इसका परीक्षण भेड़ों पर ही किया गया है और इंसानों पर इसका ट्रायल शुरू नहीं हुआ है।
ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस रिसर्च में निवेश बढ़ा रहा चीन
चीन इस तकनीक को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर निवेश भी जुटा रहा है। स्टेरमेड टेक्नोलॉजी ने पिछले एक साल में 1.1 अरब युआन से ज्यादा की फंडिंग हासिल की है। इसमें टेनसेंट और अलीबाबा जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी निवेशक हैं। चीन का लक्ष्य 2030 तक इस क्षेत्र में दो से तीन ऐसी कंपनियां तैयार करना है, जो वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें। इसके लिए वह घरेलू कंपनियों को प्रोत्साहित करने, रिसर्च को आगे बढ़ाने और तकनीक के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक तैयार करने पर जोर दे रहा है।
कुल मिलाकर चीन की रणनीति सिर्फ ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस डिवाइस बनाने तक सीमित नहीं है। वह इस तकनीक को विकसित करने, उसे मरीजों तक पहुंचाने की प्रक्रिया को बेहतर बनाने और इसके लिए एक बड़ा बाजार तैयार करने की दिशा में भी काम कर रहा है। न्यूरालिंक जैसी कंपनियों के सामने चीन की यह कोशिश आने वाले वर्षों में ब्रेन कंप्यूटर इंटरफेस क्षेत्र की प्रतिस्पर्धा को और तेज कर सकती है।