अंब(ऊना)। मुबारिकपुर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बोर्ड ने नई व्यवस्था लागू की है। राज्य विद्युत परिषद के मुबारिकपुर उपमंडल में स्मार्ट मीटर प्रणाली स्थापित करने का काम शुरू हो गया है। जिसके तहत कई इलाकों में नए मीटर लगाए जा चुके हैं। सहायक अभियंता धर्मपाल ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद अब उपभोक्ताओं को घर पर कागजी बिल नहीं दिए जाएंगे। बिजली उपभोग का विवरण और बिल की राशि अब सीधे उपभोक्ता के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस या ई-मेल के जरिये भेजी जाएगी। बिल के भुगतान के लिए विभाग की हार्ड कॉपी मिलने का इंतजार न करें। मोबाइल संदेश या ई-मेल पर प्राप्त जानकारी के आधार पर ही समय से बिजली बिल जमा करना होगा। बोर्ड के अनुसार यह नई डिजिटल व्यवस्था बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और समय पर काम पूरा करने के लिए अपनाई गई है।