संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। रायपुर मैदान स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में जन आरोग्य समिति की बैठक जिला परिषद सदस्य कृष्ण पाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य पीएचसी की स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करना और ग्रामीण क्षेत्र में सेवाओं को और सुदृढ़, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करना था।
बैठक में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने, मरीजों की सुविधाओं में सुधार, स्वच्छता, पेयजल और बैठने की व्यवस्था पर चर्चा हुई। विशेष रूप से पीएचसी परिसर में शेड निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया गया, ताकि धूप और बारिश में मरीजों की असुविधा दूर हो। इसके लिए जिलाधीश ऊना को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। साथ ही हर्बल गार्डन को उन्नत करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
कृष्ण पाल शर्मा ने सभी सदस्यों, स्वास्थ्य अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।