शूलिनी विवि में विद्याार्थियों से बातचीत करते उद्योग मंत्री। स्त्रोत डीपीआरओ
- फोटो : अमर उजाला
शूलिनी विश्वविद्यालय में विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर अवसर पर बोले उद्योग मंत्री
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी स्तरों पर गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में सरकारी एवं निजी संस्थानों को और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करना होगा। यह बात उन्होंने सोलन के शूलिनी विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज द्वारा आयोजित विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर कही। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में सरकारी संस्थानों के साथ-साथ अनेक निजी संस्थान युवा पीढ़ी के भविष्य को संवारने के लिए कार्य कर रहे हैं। प्रदेश सरकार इस दिशा में सभी के सहयोग के साथ युवा पीढ़ी को बेहतर अवसर देने के लिए कार्य करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि शूलिनी विश्वविद्यालय को देश-विदेश में अनुसंधान और नवाचार के लिए जाना जाता है। उन्होंने आशा जताई कि विश्वविद्यालय भविष्य में इस दिशा में और बेहतर कार्य करेगा। उन्होंने उपस्थित छात्रों से आग्रह किया कि छात्र जीवन को अपना लक्ष्य निर्धारित करने के लिए समर्पित करें और नशे से दूर रहकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दें। उद्योग मंत्री ने इससे पूर्व शूलिनी विश्वविद्यालय में बने एआई फ्यूचर सेंटर का अवलोकन भी किया। उन्होंने खाद्य कैफेटेरिया नवाचार केंद्र में खाद्य प्रसंस्करण केंद्र का शुभारंभ भी किया। इस खाद्य प्रसंस्करण केंद्र में ड्राई खाद्य व जूस, सॉस, जैम आदि उत्पाद तैयार किए जाएंगे यह केंद्र विश्वविद्यालय द्वारा लगभग 75 लाख रुपये से निर्मित किया गया है। इस मौके पर शूलिनी विवि के कुलपति प्रो. पीके खोसला ने मुख्यातिथि का स्वागत किया।