वन विभाग की टीम को देखकर पिकअप लेकर भाग गया आरोपी
वन विभाग की टीम ने पुलिस के साथ पीछा करते हुए गाड़ी को कब्जे में लिया
गांव में एक घर में लकड़ी छिपाने का आरोपी कर रहा था प्रयास
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। वन विभाग की टीम ने वीरवार रात्रि को मस्तानपुरा के एक घर से अवैध रूप से काटी गई खैर की लकड़ी से भरी पिकअप पकड़ी। विभाग की टीम को देखकर वन काटू पिकअप लेकर भाग गया और मस्तानपुरा में एक घर में छिपाने का प्रयास कर रहा था। विभाग की टीम ने पीछा करते हुए पिकअप को कब्जे में ले लिया और मस्तानपुरा निवासी एक पिकअप चालक को पुलिस के हवाले कर दिया।
वन विभाग के रेंज ऑफिसर जसविंदर सिंह, बघेरी बीट के वन रक्षक धर्म सिंह, गुज्जर हट्टी बीट के वन रक्षक संदीप और जोघों बीट के वन रक्षक विक्रम सिंह बघेरी बीट में रात्रि गश्त पर थे। गश्त के दौरान जब टीम खिल्लियां के पास बेहंडू शामलात-बेहंडू (कच्ची) सड़क पर लगभग रात 12:30 बजे थी, तभी एक पिकअप तेज रफ्तार से आई। टीम ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक वाहन को भगाकर ले गया। विभाग की टीम ने वाहन का पीछा किया। चालक वाहन को मस्तानपुरा गांव में एक घर के अंदर ले गया। जोघों पुलिस चौकी को मोबाइल से सूचित किया गया। पुलिस की सहायता से टीम ने घर के अंदर जाकर वाहन की जांच की, जिसमें खैर की लकड़ी भरी हुई पाई गई।
पुलिस को मस्तानपुरा निवासी चालक संदीप कुमार उक्त खैर की लकड़ी के संबंध में कोई दस्तावेज व अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके पश्चात पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर वाहन और खैर की लकड़ी को कब्जे में ले लिया। उधर, डीएसपी भीष्म ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने खैर की लकड़ी से भरी पिकअप को कब्जे में ले लिया है। पिकअप के चालक के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।