मेले एवं त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के वाहक : डॉ. शांडिल
स्वास्थ्य मंत्री ने की मंच निर्माण के लिए पांच लाख देने की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। ग्राम पंचायत ममलीग के गणा रा घाट में मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति व परंपराओं को समर्पित मेले एवं त्य़ोहार हमारी समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं के वाहक हैं। इस मौके पर मेला कमेटी की ओर से ठोडा नृत्य का आयोजन किया गया जोकि आकर्षण का केंद्र रहा।
मंत्री ने कि चिट्टा हमारी सभ्यता, हमारे संस्कार और हमारे भविष्य को चोट पहुंचा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रदेश में मादक पदार्थ चिट्टे के खिलाफ व्यापक जन आंदोलन आरंभ कर निर्णायक लड़ाई का आगाज किया है। उन्होंने कहा कि चिट्टे के खिलाफ चुनौती का सामना हिमाचल प्रदेश जन आंदोलन की शक्ति से करेगा और तस्करों को कभी भी किसी भी रूप में छिपने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि चिट्टा मुक्त हिमाचल महज एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है। यह एक जन आंदोलन, जिसे सफल बनाने के लिए लोगों का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने गणा रा घाट में बने मंच के लिए 05 लाख रुपये तथा ममलीग में गोसदन के निर्माण के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर जन समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।