कुनिहार की शिव तांडव गुफा में आयोजित धार्मिक कार्याक्रमों के दौरान लगी भक्तों की लंबी कतारें।
गुफा विकास समिति की ओर से आयोजित किए गए कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
कुनिहार(सोलन)। श्रावण मास के अंतिम सोमवार को अनादिकालीन शिव तांडव गुफा कुनिहार में शंभू परिवार और गुफा विकास समिति के सौजन्य से विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही गुफा परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। दिनभर चले कार्यक्रम में भजनों और धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरा गुफा परिसर भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के तहत रुद्रा म्यूजिकल ग्रुप ने सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक भोले बाबा के चरणों में भजनों की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजनों पर श्रद्धालु झूमते और भोलेनाथ के जयकारे लगाते नजर आए।
इसके बाद शाम चार बजे से कमल हीर संगीत परिवार धर्मपुर की ओर से भजन संध्या और भोले बाबा की चौकी का आयोजन किया गया। मुख्य कलाकार कमल हीर, नीरज ठाकुर सहित अन्य कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को शिवमय कर दिया। रात सात बजे से दीक्षित आर्ट ग्रुप कसौली के कलाकारों ने विभिन्न धार्मिक और मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं। झांकियां कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहीं। भगवान शिव से जुड़े विभिन्न प्रसंगों पर आधारित झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
गुफा विकास समिति के प्रधान राम रतन तंवर ने बताया कि धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं, कलाकारों और समिति सदस्यों का आभार जताया। इस अवसर पर उपप्रधान रितु ठाकुर, कोषाध्यक्ष गुमान कंवर, मीडिया प्रभारी मनु भारद्वाज सहित शंभू परिवार और समिति के सदस्य मौजूद रहे।