नौणी विवि के साथ लगते धर्जा क्षेत्र का मामला, सभी ने लगवाए टीके
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। नौणी विश्वविद्यालय के साथ लगते धर्जा गांव से एक ही परिवार के तीन बच्चों समेत आठ लोग अस्पताल में एंटी रेबीज वैक्सीन लगवाने के लिए पहुंचे। इन्हें शक था कि इनकी गाय को किसी पागल कुत्ते ने काट लिया है, जिसके कारण उसके बछड़े के मुंह से झाग निकल रहा है। जब उन्होंने उसकी जांच करवाई तो रैबीज के कुछ लक्षण पाए गए। इसके बाद एहतियात के तौर पर सभी क्षेत्रीय अस्पताल में एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंचे।
इंजेक्शन लगवाने आई प्रियंका ने बताया कि मंगलवार को उनके गाय के बछड़े के मुंह से झाग निकल रहा था। जांच के लिए पशु चिकित्सक को लाए। चिकित्सक ने जब बछड़े की जांच की तो रैबीज के लक्षण बताए। हालांकि उसके शरीर पर कहीं भी कुत्ते के काटने के निशान नजर नहीं आए। आशंका हुई कि गाय को किसी पागल कुत्ते ने काटा होगा और उसका दूध पीकर बछड़े में रैबीज के लक्षण आ गए। हालांकि गाय व बछड़ा अभी ठीक हैं। उन्होंने गाय को भी एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया है और खुद भी परिवार समेत सभी को इंजेक्शन लगवाए। इसकी पुष्टि क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवार ने की है।
इनसेट
बंदर के काटने के दो मामले भी आए सामने
क्षेत्रीय अस्पताल में बुधवार को दो लोग बंदर के काटने के बाद एंटी रैबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। इसमें एक महिला ब्रूरी और दूसरा मामला ओच्छघाट के समीप धोलांजी से था। निर्मला ने बताया कि सोलन शहर के साथ लगते ब्रूरी क्षेत्र में काम पर जा रही थी, इस दौरान रास्ते में एक बंदर ने हमला कर दिया और काट लिया। इस कारण उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल में टीका लगाने के लिए आना पड़ा।