वीरवार को पेयजल योजना की मोटर में आई तकनीकी खराबी से बढ़ी समस्या
ग्राम बेहड़ेवाला में शहीद स्मारक के आसपास के करीब 200 परिवारों को पेयजल किल्लत
संवाद न्यूज़ एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। वीरवार से अमर कोट ग्राम पंचायत के बेहड़ेवाला गांव में पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी है। योजना की पंप मशीन में तकनीकी खराबी आने के कारण दिक्कतें आ रही है। इससे 200 से अधिक परिवार दो दिन से परेशान हैं। पशुधन के लिए भी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।
मीडिया प्रभारी भारतीय किसान यूनियन चढूनी हरजीत सिंह दडीवाला, दिलशाद अहमद, स्थानीय निवासी अमर सिंह, मोहन चौहान, कमलेश ठाकुर, कल्याण सिंह, फतेह सिंह व कार्तिक ने बताया कि वीरवार सुबह 11 बजे से मोटर में तकनीकी खराबी आने के कारण योजना की मोटर बंद है। इसके बाद से आसपास क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति ठप है। कुछ परिवारों की अपने निजी ट्यूबवेल हैं, लेकिन अधिकतर परिवार पानी के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
कुछ लोग मजबूरन पानी के टैंकरों से पानी मंगवा रहे हैं। पशुधन को पानी की आपूर्ति के लिए भी खूब परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर बेहडेवाला शहीद स्मारक के आसपास ज्यादा दिक्कतें आ रही हैं। स्थानीय लोगों ने जल शक्ति विभाग से शीघ्र कोई समाधान निकालने की मांग उठाई है।
उधर, जल शक्ति विभाग पांवटा साहिब के अधिशासी अभियंता जितेंद्र ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि स्थानीय क्षेत्र में कार्यरत विभाग के कर्मचारी व ठेकेदार को योजना की मोटर शीघ्र ठीक करवाने को कहा गया है। जल्द समस्या का समाधान होगा।