राजगढ़ (सिरमौर)। प्रशासनिक उपमंडल मुख्यालय राजगढ़ में 15 जून को राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखा जाएगा। यदि 15 जून को राजगढ़ में अचानक सायरन की आवाज सुनाई दे और राहत-बचाव दल दौड़ते नजर आएं तो घबराने की जरूरत नहीं है। वास्तव में यह आपदा के चलते नहीं बल्कि राज्य स्तरीय मेगा मॉक ड्रिल का हिस्सा होगा। इस अभ्यास के माध्यम से प्रशासन बादल फटना, भूकंप और जंगलों में आग जैसी संभावित आपदाओं से निपटने की अपनी तैयारियों को परखेगा। मेगा मॉक ड्रिल की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एसडीएम कार्यालय राजगढ़ में शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राज कुमार ठाकुर ने की, जिसमें राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस, अग्निशमन, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत बोर्ड, शिक्षा और अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और प्रत्येक विभाग को जिम्मेदारियां सौंप गईं।